Home » लाइफस्टाइल » बगीचे की ये 3 छोटी निशानियां बता देंगी कि वहां सांप का घर तो नहीं, बरसात में रहें अलर्ट

बगीचे की ये 3 छोटी निशानियां बता देंगी कि वहां सांप का घर तो नहीं, बरसात में रहें अलर्ट

बगीचे में सांप के बिल की पहचान

Monsoon Hacks: बारिश शुरू होते ही बगीचे हरे-भरे हो जाते हैं। साथ में एक अनचाहा मेहमान भी निकल आता है- सांप। नमी और कीड़े-मकोड़ों की वजह से सांप अक्सर घर के आसपास, गमलों के पीछे और जमीन के छेदों में छिपने की जगह ढूंढते हैं।अब हर गड्ढा सांप का बिल नहीं होता। ज्यादातर छेद चूहे, छिपकली या कीड़ों के होते हैं। लेकिन एक छोटी-सी गलती भारी पड़ सकती है। इसलिए जमीन पर दिखने वाले हर सुराख को नजरअंदाज मत कीजिए। पहचानना सीख लीजिए।

सांप खुद गहरे बिल नहीं खोदते। वो पुराने चूहे के बिल या पत्थरों के नीचे वाली जगह को अपना घर बना लेते हैं। तो आखिर पता कैसे चले कि ये वाला छेद खाली है या उसमें कोई फन वाला रह रहा है।

पहला इशारा छेद के मुहाने से मिलता है

अगर किसी गड्ढे के चारों तरफ की घास और मिट्टी बाकी बगीचे के मुकाबले साफ और दबी हुई लगे तो समझिए वहां आना-जाना लगा रहता है। सांप बार-बार उसी रास्ते से निकलते हैं इसलिए आसपास की जगह चमकने लगती है। लेकिन ध्यान रहे कि यह अकेला सबूत नहीं है।

दूसरा निशान जमीन पर दिखता है

बरसात के बाद अगर मिट्टी गीली है तो ध्यान से देखिए। सांप के रेंगने से लहरदार निशान बन जाते हैं। जैसे किसी ने उंगली से मिट्टी पर लकीर खींच दी हो। यह निशान हवा और पानी से जल्दी मिट जाते हैं इसलिए सुबह जल्दी चेक करना बेहतर है।

तीसरी बात है बगीचे की शांति

सांप जहां रहते हैं वहां चूहे, मेंढक और छिपकलियां कम दिखती हैं। क्योंकि वो इनका शिकार करते हैं। अगर आपके बगीचे में एक खास कोने में अचानक छोटे जीव गायब हो गए हैं और पास में कोई गड्ढा है तो उसे हल्के में मत लीजिए।

सबसे जरूरी बात। जिज्ञासा में कभी भी बिल में हाथ या डंडा मत डालिए। अंदर क्या है यह जानने के चक्कर में खुद को खतरे में मत डालिए बल्कि ऐसे में दूर से ही देखें।

एक्सपर्ट की सलाह

सांपों से बचाव का सबसे आसान तरीका है सफाई। बगीचे में पत्थरों का ढेर, लकड़ियों का कचरा और घनी झाड़ियां मत रहने दीजिए। यह सब सांपों को छिपने की जगह देते हैं। शाम के समय टॉर्च लेकर ही बगीचे में जाएं और बच्चों को भी अकेले खेलने से रोकें।

आखिरी बात

बरसात में अलर्ट रहना जरूरी है, डरना नहीं है। हर गड्ढा खतरा नहीं है, लेकिन हर खतरे को पहचानना आना चाहिए। जरा-सी सावधानी से आप और आपका परिवार सुरक्षित रह सकते हैं।

Written by- Mansi Sharma

ये भी पढ़ें…त्योहारों से पहले महंगा हुआ सोना-चांदी, 5 कारोबारी दिनों में सोने के दाम ₹8,609 और चांदी ₹13,086 बढ़े