Home » जॉब - एजुकेशन » नीट री-एग्जाम आज, परीक्षा की निष्पक्षता को ध्यान में रखकर किए अभूतपूर्व इंतजाम

नीट री-एग्जाम आज, परीक्षा की निष्पक्षता को ध्यान में रखकर किए अभूतपूर्व इंतजाम

NEET UG 2026:

NEET UG 2026: पेपर लीक विवाद के बाद आज देश के 564 शहरों में NEET-UG 2026 की परीक्षा दोबारा आयोजित की जा रही है। देश और विदेश के परीक्षा केंद्रों को मिलाकर कुल 22.79 लाख से अधिक छात्र इस री-एग्जाम में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस बार अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं।

NEET UG 2026: पहली बार प्रश्नपत्र पहुंचाने में भारतीय वायुसेना की मदद-

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए पहली बार भारतीय वायुसेना की सहायता ली है। एयरफोर्स के हेलिकॉप्टरों और विमानों ने 200 से अधिक उड़ानें भरकर प्रश्नपत्रों को देशभर के स्ट्रॉन्ग रूम और परीक्षा केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाया है।
परीक्षा संचालन के लिए 2 लाख से अधिक सुरक्षा और परीक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है, जबकि पूरे आयोजन में 3 लाख से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

NEET UG 2026: 12 भारतीय भाषाओं में होगी परीक्षा-

NEET-UG 2026 की परीक्षा अंग्रेजी, हिंदी समेत 12 भारतीय भाषाओं में आयोजित की जा रही है। परीक्षा को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर निगरानी व्यवस्था की गई है।

NEET UG 2026: परीक्षा केंद्रों पर छात्रों के लिए विशेष सुविधाएं-

गर्मी को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्रों पर पीने के पानी, बिजली, पंखों और अभिभावकों के बैठने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। एनटीए ने छात्रों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी है।

विशेषज्ञ टीम को रखा गया क्वारंटाइन में-

एनटीए ने बताया कि प्रश्नपत्र तैयार करने वाली विशेषज्ञ टीम को परीक्षा संपन्न होने तक क्वारंटाइन में रखा गया है। प्रश्नपत्रों को एनटीए के 18 क्षेत्रीय केंद्रों तक भारतीय वायुसेना और डाक विभाग की मदद से पहुंचाया गया है। परीक्षा केंद्रों पर स्थानीय पुलिस के साथ केंद्रीय सुरक्षा बलों की भी तैनाती की गई है। जिलों के डीएम और एसपी को केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी प्रकार के दुष्प्रचार और साइबर गतिविधियों पर नजर रखने के लिए साइबर कमांडो भी तैनात किए गए हैं।

95 हजार से अधिक कमरों में होगी परीक्षा-

एनटीए के अनुसार, परीक्षा के लिए 95 हजार से अधिक कक्ष तैयार किए गए हैं। प्रत्येक कक्ष में कम से कम एक सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है। देशभर में कुल 1.38 लाख से अधिक सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जाएगी। इन कैमरों की लाइव फीड राष्ट्रीय, राज्य और मंत्रालय स्तर पर वर्चुअली मॉनिटर की जाएगी।

परीक्षा का समय और रिपोर्टिंग शेड्यूल-

इस बार परीक्षा की अवधि 15 मिनट बढ़ा दी गई है। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी।
छात्रों को सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। 1:30 बजे के बाद किसी भी परिस्थिति में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

परीक्षा केंद्र पर क्या लेकर जाएं छात्र-

एनटीए ने छात्रों को निम्नलिखित दस्तावेज साथ लाने के निर्देश दिए हैं:

  • एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड किया गया एडमिट कार्ड।
  • फोटो युक्त पहचान पत्र (आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी आदि)।
  • दो पासपोर्ट साइज फोटो।

ड्रेस कोड का भी रखा गया है विशेष ध्यान-

एनटीए ने छात्रों को हल्के रंग की आधी बांह वाली शर्ट या टी-शर्ट पहनने की सलाह दी है। इसके साथ साधारण पैंट या ट्राउजर पहनना होगा। फुटवियर में केवल साधारण चप्पल या कम हील वाली सैंडल पहनकर आने की अनुमति होगी। परीक्षा केंद्रों पर सख्त जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा।

यह भी पढ़े- पीएम मोदी आज नौसेना को सौंपेंगे तीन स्वदेशी युद्धपोत