NEET UG PAPER: नीट री-एग्जाम से पहले टेलीग्राम पर लगाई गई अस्थायी रोक को लेकर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पेपर लीक माफिया पर कार्रवाई करने के बजाय छात्रों को परेशान कर रही है।
छात्रों से पढ़ाई का माध्यम छीना जा रहा : राहुल
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि लाखों छात्र वर्षों से टेलीग्राम के माध्यम से नोट्स, टेस्ट सीरीज़, चर्चा और परीक्षा की तैयारी करते रहे हैं। ऐसे में टेलीग्राम पर रोक लगाना पेपर लीक का समाधान नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि इस फैसले से छात्रों को नुकसान होगा, जबकि पेपर लीक करने वाले गिरोहों पर इसका कोई खास असर नहीं पड़ेगा।
NEET UG PAPER: “चोर को छोड़, पीड़ित के घर पर ताला”
कांग्रेस नेता ने सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि यह ऐसा है जैसे चोर को पकड़ने के बजाय पीड़ित के घर पर ताला लगा दिया जाए। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि टेलीग्राम पर प्रतिबंध लगाने से पेपर लीक रुक जाएगा, तो अगला कदम क्या होगा? क्या सरकार व्हाट्सएप पर भी रोक लगाएगी?
परीक्षा के दिन छात्रों पर सख्ती, माफिया पर नरमी का आरोप
राहुल गांधी ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर छात्रों की कड़ी तलाशी ली जाएगी, जेबें तक काटकर जांच की जाएगी और प्रश्नपत्रों को वायुसेना की मदद से पहुंचाया जाएगा, लेकिन पेपर लीक की जड़ तक पहुंचने की कोई गंभीर कोशिश नहीं दिखाई दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक माफिया सरकार की निगरानी में फल-फूल रहा है।
NEET UG PAPER: “दिखावा छोड़िए, माफिया पर वार कीजिए”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा कि सरकार को दिखावे की राजनीति छोड़कर पेपर लीक माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश का युवा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक है और उसकी आवाज को अनसुना नहीं किया जा सकता।
टेलीग्राम संस्थापक ने भी जताई आपत्ति
टेलीग्राम के संस्थापक ने भी भारत सरकार के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से परीक्षा संबंधी सामग्री साझा किए जाने के कारण करोड़ों उपयोगकर्ताओं को दंडित करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि टेलीग्राम लगातार ऐसे चैनलों पर कार्रवाई कर रहा है जो परीक्षा सामग्री या उससे जुड़े फर्जीवाड़े को बढ़ावा देते हैं।
NEET UG PAPER: सैकड़ों चैनल हटाने का दावा
टेलीग्राम के सीईओ ने कहा कि पिछले कुछ सप्ताह में परीक्षा से जुड़ी अवैध सामग्री साझा करने वाले सैकड़ों चैनलों को हटाया गया है। साथ ही प्लेटफॉर्म पर सुरक्षा और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए नए फीचर भी लागू किए जा रहे हैं ताकि फर्जी और बैकडेटेड कंटेंट को रोका जा सके।
री-एग्जाम को लेकर बढ़ी राजनीतिक बहस
नीट री-एग्जाम और पेपर लीक विवाद को लेकर देशभर में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। जहां सरकार परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाने की बात कर रही है, वहीं विपक्ष इसे छात्रों पर अनावश्यक दबाव और प्रशासनिक विफलता से ध्यान भटकाने की कोशिश बता रहा है।
ये भी पढ़े… भारत ने अफगानिस्तान को दिया 403 रन का लक्ष्य, गिल और ईशान ने जड़ा शतक








