Punjab News: राज्यसभा में सोमवार को विपक्ष की नारेबाजी के बीच कार्यवाही कुछ देर बाद ही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई। इससे पहले भाजपा सांसद तरुण चुघ ने पंजाब में बढ़ते नशे और अपराध का मुद्दा उठाते हुए राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पंजाब में हथियार और मादक पदार्थ भेजे जा रहे हैं।
चुघ ने कहा कि सीमावर्ती पंजाब लंबे समय से नशे के बड़े नेटवर्क की चपेट में है। इसके चलते राज्य के युवा लगातार नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं और अपराध की घटनाओं में भी बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि नशे और अपराध के कारण पंजाब की कानून-व्यवस्था की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
नशे से जुड़े 6,060 मामलों का किया दावा
भाजपा सांसद ने वर्ष 2024 के अपराध संबंधी आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि पंजाब में एक साल के दौरान मादक पदार्थों से जुड़े 6,060 मामले सामने आए। उन्होंने दावा किया कि मादक पदार्थ रखने के मामलों में पंजाब देश में सबसे आगे रहा। चुघ ने कहा कि नशे के अत्यधिक सेवन से पंजाब में एक साल में 89 लोगों की मौत हुई, जबकि इस वर्ष यह आंकड़ा बढ़कर 106 तक पहुंच गया है। उन्होंने गोलीबारी, झपटमारी और अन्य आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी का भी दावा किया।
Punjab News: ‘पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए आ रहे हथियार और ड्रग्स’
तरुण चुघ ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पंजाब में लगातार हथियार और मादक पदार्थ भेजे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के गांवों और शहरों में नशे का असर गंभीर रूप से दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब आज खतरे में है। राज्य में लगातार हत्याओं और धमाकों की घटनाओं का जिक्र करते हुए चुघ ने दावा किया कि पंजाब के पुलिस थानों पर करीब 21 बम धमाके हो चुके हैं। उन्होंने पंजाब पुलिस मुख्यालय पर रॉकेट लॉन्चर से हुए हमले का भी उल्लेख किया।
‘पंजाब सरकार कानून-व्यवस्था संभालने में विफल’
चुघ ने पंजाब सरकार पर कानून-व्यवस्था और नशे पर नियंत्रण में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य में बढ़ते अपराध के कारण माफिया का प्रभाव मजबूत हुआ है। भाजपा सांसद ने पंजाब की जेल व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि “आज पंजाब की जेलें स्टूडियो बन चुकी हैं।” उन्होंने दावा किया कि राज्य में हत्या जैसी गंभीर घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं और अखबार अपराध की खबरों से भरे पड़े हैं।
ये भी पढ़े… TMC के बागियों का BJP से भी मोहभंग? युसुफ पठान समेत 3 सांसदों ने बनाई दूरी, जानिए वजह








