Home » Breaking News » केशव मौर्य का राहुल गांधी पर हमला, बोले- ‘मोहब्बत की दुकान से नफरत की राजनीति ला रहे’

केशव मौर्य का राहुल गांधी पर हमला, बोले- ‘मोहब्बत की दुकान से नफरत की राजनीति ला रहे’

Rahul Gandhi Prayagraj Visit: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे से पहले उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने उन पर तीखा हमला बोला है। मौर्य ने राहुल गांधी की ‘मोहब्बत की दुकान’ पर तंज कसते हुए आरोप लगाया कि वह प्रयागराज में ‘नफरत फैलाने’ की राजनीति लेकर आ रहे हैं।

केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राहुल गांधी को आनंद भवन और उसके आसपास का दौरा करने की सलाह दी। उन्होंने दावा किया कि ऐसा करने से राहुल गांधी को अपने परिवार की ओर से प्रयागराज की कथित उपेक्षा का एहसास होगा।

‘प्रयागराज को सालों तक उपेक्षित रखा’

मौर्य ने कहा कि राहुल गांधी को मौका मिले तो आनंद भवन के साथ आसपास के क्षेत्रों का भी दौरा करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और राहुल गांधी का परिवार प्रयागराज से जुड़ा होने के बावजूद शहर लंबे समय तक उपेक्षित रहा। उन्होंने कहा कि आज प्रयागराज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उनके मुताबिक, शहर में अब छात्रों की आवाज के साथ विकास की गूंज भी सुनाई दे रही है।

Rahul Gandhi Prayagraj Visit: ‘संगम और श्रृंगवेरपुर भी जाएं राहुल गांधी’

उपमुख्यमंत्री ने राहुल गांधी की आस्था को लेकर सवाल उठाने से इनकार करते हुए उन्हें प्रयागराज के संगम और श्रृंगवेरपुर धाम के दर्शन करने की सलाह भी दी। मौर्य ने कहा कि इससे राहुल गांधी को भाजपा सरकार के ‘विरासत के साथ विकास’ के संकल्प और उसके परिणामों को देखने का अवसर मिलेगा। राहुल गांधी के प्रयागराज दौरे से पहले केशव मौर्य की इस टिप्पणी से उत्तर प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी और तेज होने के संकेत हैं।

ये भी पढ़े… CA-XI के इस दिग्गज गेंदबाज ने बांग्लादेशी बल्लेबाजों को चटाई धूल