UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी बीच लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के जमुई से सांसद और उत्तर प्रदेश प्रभारी अरुण भारती ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच उत्तर प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा होने की जानकारी सामने आई है।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में उत्तर प्रदेश में LJP (रामविलास) की बढ़ती राजनीतिक सक्रियता और संगठन विस्तार को लेकर भी बातचीत हुई। सूत्रों का दावा है कि अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में पार्टी की ओर से चलाए जा रहे ‘पंडित-पासी-पासवान’ नारे की सराहना की। हालांकि, मुलाकात में सीटों को लेकर कोई अंतिम फैसला हुआ है या नहीं, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
UP Election 2027: यूपी में सक्रियता बढ़ा रही चिराग पासवान की पार्टी
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी ने उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी संगठन को मजबूत करने के साथ अलग-अलग सामाजिक समूहों के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने की कोशिश कर रही है। इसी क्रम में अरुण भारती को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। LJP (रामविलास) ने पहले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में अकेले चुनाव लड़ने की बात कही थी। पार्टी की ओर से लगातार संगठन विस्तार और चुनावी तैयारियों पर जोर दिया जा रहा है।
क्या NDA में सीट शेयरिंग की बनेगी राह?
अरुण भारती और अमित शाह की मुलाकात के बाद अब सबसे बड़ा सवाल सीट शेयरिंग को लेकर उठ रहा है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि क्या उत्तर प्रदेश चुनाव से पहले बीजेपी और LJP (रामविलास) के बीच सीटों को लेकर बातचीत आगे बढ़ सकती है। हालांकि, अभी तक दोनों दलों की ओर से सीट शेयरिंग को लेकर किसी समझौते या औपचारिक बातचीत की पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में फिलहाल इस मुलाकात को संभावित राजनीतिक तालमेल के संकेत के तौर पर ही देखा जा रहा है।
UP Election 2027: चिराग की रणनीति पर नजर
बिहार की राजनीति में NDA के महत्वपूर्ण सहयोगी रहे चिराग पासवान अब उत्तर प्रदेश में भी अपनी पार्टी का आधार बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले LJP (रामविलास) की सक्रियता और बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व के साथ उसकी बातचीत पर राजनीतिक नजरें बनी हुई हैं। अब देखना होगा कि अरुण भारती और अमित शाह की मुलाकात के बाद उत्तर प्रदेश में LJP (रामविलास) की चुनावी रणनीति क्या रहती है और क्या आने वाले दिनों में बीजेपी के साथ सीटों को लेकर कोई औपचारिक तालमेल सामने आता है।
ये भी पढ़े… प्रशांत किशोर बनेंगे NCP के चुनावी रणनीतिकार? तटकरे के बयान से महाराष्ट्र की सियासत में बढ़ा सस्पेंस








