Home » Breaking News » ‘वंदे मातरम’ पर कांग्रेस को घेरने में जुटी BJP, बिहार में नेताओं ने क्यों कहा- देश नहीं करेगा बर्दाश्त?

‘वंदे मातरम’ पर कांग्रेस को घेरने में जुटी BJP, बिहार में नेताओं ने क्यों कहा- देश नहीं करेगा बर्दाश्त?

‘Vande Mataram’ controversy: कांग्रेस मुख्यालय में ‘वंदे मातरम’ के गायन के दौरान सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की कथित प्रतिक्रिया को लेकर बिहार भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा नेताओं ने इसे राष्ट्रगीत का अपमान बताते हुए कहा कि देश की जनता इसे स्वीकार नहीं करेगी।

संजय सरावगी बोले- राष्ट्रगीत का अपमान बर्दाश्त नहीं

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस मुख्यालय में जिस तरह से ‘वंदे मातरम’ का अपमान किया गया, उसे देश की जनता किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता तुष्टीकरण की राजनीति के कारण राष्ट्रगीत के प्रति सम्मान नहीं दिखा रहे हैं। सरावगी ने कहा कि ‘वंदे मातरम’ देश के सम्मान, आदर और स्वाभिमान का प्रतीक है।

‘Vande Mataram’ controversy: अशोक चौधरी बोले- राष्ट्रीय पर्व को दलगत राजनीति से दूर रखें

बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि ‘वंदे मातरम’ को लेकर कांग्रेस और भाजपा के दृष्टिकोण में अंतर है। उन्होंने 15 अगस्त के कार्यक्रम में कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की गैरमौजूदगी पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त और 26 जनवरी किसी राजनीतिक दल के कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रीय पर्व हैं। उनके मुताबिक, पहले अलग-अलग दलों के नेता इन आयोजनों में शामिल होते रहे हैं, लेकिन अब राष्ट्रीय पर्वों को भी राजनीतिक आधार पर बांटने की कोशिश हो रही है।

विजय कुमार सिन्हा ने कहा- राष्ट्र सर्वोपरि

मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कांग्रेस नेताओं की प्रतिक्रिया को दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन राष्ट्र सर्वोपरि होना चाहिए और हर व्यक्ति में राष्ट्रवाद की भावना होनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस नेताओं के रवैये को लेकर तीखी टिप्पणी करते हुए इसे उनकी मानसिकता से जोड़कर देखा।

‘Vande Mataram’ controversy: प्रमोद चंद्रवंशी बोले- ‘वंदे मातरम’ से मिली आजादी की प्रेरणा

भाजपा नेता प्रमोद चंद्रवंशी ने कहा कि ‘वंदे मातरम’ वह मंत्र रहा है, जिसने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान लोगों में आजादी की भावना जगाई। उन्होंने आरोप लगाया कि आज कांग्रेस को यही राष्ट्रगीत स्वीकार नहीं हो रहा है।

राम कृपाल यादव ने भी साधा निशाना

भाजपा नेता राम कृपाल यादव ने सोनिया गांधी को लेकर भी टिप्पणी की और आरोप लगाया कि उन्हें देश, राष्ट्रगीत और तिरंगे के प्रति सम्मान नहीं है। भाजपा नेताओं के इन बयानों के बाद ‘वंदे मातरम’ को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।

ये भी पढ़े… निशांत कुमार के काफिले में हादसा, थार को स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर; बाल-बाल बचे JDU जिलाध्यक्ष