Home » Breaking News » एयरपोर्ट पर अचानक चली गोली, मचा हड़कंप! यात्री की लाइसेंसी पिस्टल से 2 कर्मचारी घायल

एयरपोर्ट पर अचानक चली गोली, मचा हड़कंप! यात्री की लाइसेंसी पिस्टल से 2 कर्मचारी घायल

Varanasi Firing News: वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान यात्री की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई। हादसे में एयरपोर्ट के दो कर्मचारी घायल हो गए। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मैगजीन निकालते समय दबा ट्रिगर

घटना रविवार सुबह लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में हुई। आजमगढ़ निवासी 55 वर्षीय कमलेश राय एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से मुंबई जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे। उनके पास लाइसेंसी पिस्टल थी। निर्धारित प्रक्रिया के तहत यात्री के लाइसेंसी हथियार को सील कर पायलट केबिन में रखा जाना था। इसी प्रक्रिया के दौरान कमलेश राय पिस्टल की मैगजीन निकाल रहे थे। इसी दौरान कथित तौर पर ट्रिगर दब गया और गोली चल गई।

Varanasi Firing News: महिला कर्मचारी के पैर में लगी गोली

गोली चलने से एयरपोर्ट के दो कर्मचारी घायल हो गए। एक महिला कर्मचारी के पैर में गोली लगी, जबकि गोली का दूसरा हिस्सा एक पुरुष कर्मचारी के हाथ को छूता हुआ निकल गया। दोनों घायलों को उपचार के लिए कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल भेजा गया है।

Varanasi Firing News: सुरक्षा एजेंसियों ने यात्री को हिरासत में लिया

घटना के बाद एयरपोर्ट पर मौजूद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। यात्री कमलेश राय को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि हथियार से गोली किन परिस्थितियों में चली और सुरक्षा प्रक्रिया के दौरान किन नियमों का पालन किया गया।

एयरपोर्ट पर हथियार जमा करने की होती है प्रक्रिया

यात्रियों के पास मौजूद लाइसेंसी हथियारों को उड़ान के दौरान साथ ले जाने के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना होता है। हथियार को एयरलाइन के पास जमा कर सील किया जाता है और उसे विमान के निर्धारित सुरक्षित हिस्से में रखा जाता है। वाराणसी एयरपोर्ट की घटना इसी प्रक्रिया के दौरान हुई।

ये भी पढे… CJI सूर्यकांत ने युवाओं को क्यों दी बड़ी नसीहत? बोले- जिम्मेदारी संभालने के लिए अभी से रहें तैयार