Home » Foreign Affairs » कॉल ऑफ ड्यूटी के को-क्रिएटर विंस जैम्पेला का सड़क हादसे में निधन

कॉल ऑफ ड्यूटी के को-क्रिएटर विंस जैम्पेला का सड़क हादसे में निधन

Vince Zampella: वीडियो गेमिंग इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। दुनियाभर में लोकप्रिय गेम ‘कॉल ऑफ ड्यूटी’ के को-क्रिएटर और दिग्गज गेम डेवलपर विंस जैम्पेला का एक सड़क हादसे में निधन हो गया है। वह 55 साल के थे। इस खबर की पुष्टि खुद गेमिंग कंपनी इलेक्ट्रॉनिक आर्ट्स (EA) ने की है। स्थानीय ब्रॉडकास्टर NBC4 की रिपोर्ट के मुताबिक, यह हादसा रविवार को अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में लॉस एंजिल्स के उत्तर में हुआ। विंस जैम्पेला अपनी फरारी कार चला रहे थे, तभी यह भीषण दुर्घटना हो गई।

कार में दो लोग थे सवार

कैलिफोर्निया हाईवे पेट्रोल ने बताया कि हादसे के वक्त कार में कुल दो लोग सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि विंस जैम्पेला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में मौजूद दूसरे व्यक्ति ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। फिलहाल दूसरे शख्स की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।

Vince Zampella: गेमिंग की दुनिया में जैम्पेला का योगदान

विंस जैम्पेला उन लोगों में शामिल थे जिन्होंने फर्स्ट-पर्सन मिलिट्री शूटर गेम्स की परिभाषा ही बदल दी। उनके स्टूडियो द्वारा बनाए गए गेम्स दुनिया के सबसे ज्यादा बिकने वाले वीडियो गेम्स में गिने जाते हैं। इस साल उनके नेतृत्व में आया गेम ‘बैटलफील्ड 6’ फ्रैंचाइजी के इतिहास में सबसे ज्यादा बिकने वाला गेम साबित हुआ। इस सफलता पर जैम्पेला ने कहा था कि इतने लंबे और सफल करियर के बावजूद ऐसे पलों को कभी हल्के में नहीं लिया जा सकता।

Vince Zampella: करोड़ों खिलाड़ियों के चहेते थे जैम्पेला

पिछले दो दशकों में विंस जैम्पेला के बनाए मास-कॉम्बैट गेम्स को 100 मिलियन से ज्यादा खिलाड़ी खेल चुके हैं। आज भी ‘कॉल ऑफ ड्यूटी’ के हर महीने 100 मिलियन से अधिक एक्टिव प्लेयर्स हैं। 2016 में गेमिंग वेबसाइट IGN को दिए एक इंटरव्यू में जैम्पेला ने कहा था, “आप हमेशा अपने गेम के हिट होने का सपना देखते हैं, लेकिन इतनी बड़ी सफलता के लिए कभी पूरी तरह तैयार नहीं होते।”

इलेक्ट्रॉनिक आर्ट्स ने जताया शोक

इलेक्ट्रॉनिक आर्ट्स ने अपने बयान में कहा,  “यह एक अकल्पनीय नुकसान है। हमारी संवेदनाएं विंस के परिवार, दोस्तों और उन सभी लोगों के साथ हैं, जिनकी जिंदगी उनके काम से प्रभावित हुई।” कंपनी ने यह भी कहा कि विंस जैम्पेला का वीडियो गेम इंडस्ट्री पर प्रभाव बेहद गहरा और दूरगामी रहा है।

1990 के दशक से शुरू हुआ सफर

Vince Zampella: विंस जैम्पेला ने 1990 के दशक में एक गेम डिजाइनर के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की थी। 2002 में उन्होंने Infinity Ward की सह-स्थापना की 2003 में ‘कॉल ऑफ ड्यूटी’ को लॉन्च करने में अहम भूमिका निभाई, बाद में एक्टिविजन ने स्टूडियो का अधिग्रहण किया। विवादों के बाद जैम्पेला ने एक्टिविजन छोड़ा और 2010 में Respawn Entertainment की स्थापना की, 2017 में Respawn को Electronic Arts ने खरीद लिया। इसके बाद जैम्पेला ने ‘बैटलफील्ड’ फ्रैंचाइजी को दोबारा खड़ा करने की जिम्मेदारी संभाली और खुद को मॉडर्न फर्स्ट-पर्सन शूटर गेम्स की दुनिया की सबसे प्रभावशाली हस्तियों में शामिल कर लिया।

 

यह भी पढ़ें: अमरोहा, फास्ट फूड की लत बनी 11वीं की छात्रा की मौत की वजह

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments