Home » राजनीति » चेन्नई के समारोह स्थल पर पहुंचे टीवीके प्रमुख विजय, 9 मंत्रियों के साथ करेंगे शपथ ग्रहण समारोह में प्रवेश

चेन्नई के समारोह स्थल पर पहुंचे टीवीके प्रमुख विजय, 9 मंत्रियों के साथ करेंगे शपथ ग्रहण समारोह में प्रवेश

Vijay Oath Ceremony: तमिलनाडु की राजनीति में आज एक ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिल रहा है। टीवीके (TVK) प्रमुख सी. जोसेफ विजय आज सुबह 10 बजे चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में तमिलनाडु के 9वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने जा रहे हैं। इससे पहले उन्होंने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया और 121 विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपा। सरकार बनाने के लिए 118 विधायकों का बहुमत जरूरी था, जिसे उन्होंने पार कर लिया।

बहुमत का समीकरण और समर्थन पत्र

विजय को कुल 121 विधायकों का समर्थन मिला है। इसमें टीवीके के 108 विधायक शामिल हैं, जबकि कांग्रेस के 5, CPI और CPI(M) के 2-2 विधायकों का समर्थन भी मिला है। इसके अलावा VCK और IUML ने भी टीवीके को अपने 2-2 विधायकों का समर्थन दिया है। राज्यपाल ने समर्थन पत्र की जांच के बाद विजय को सरकार बनाने का न्योता दे दिया, जिसके बाद उनके समर्थकों में जश्न का माहौल बन गया।

फिल्मी हीरो से असली राजनीति तक का सफर

फिल्मों में ‘हीरो’ की भूमिका निभाने वाले थलापति विजय अब वास्तविक जीवन में भी राज्य के मुख्यमंत्री बनकर नई भूमिका निभा रहे हैं। उनके मुख्यमंत्री बनने की खबर से न सिर्फ समर्थक बल्कि उनका परिवार भी बेहद खुश नजर आ रहा है। पूरे राज्य में इस राजनीतिक बदलाव को लेकर चर्चा तेज है।

राजनीतिक उतार-चढ़ाव से भरा रहा सफर

विजय का मुख्यमंत्री बनने का सफर आसान नहीं रहा। 4 मई को चुनाव परिणाम आने के बाद से 9 मई तक तमिलनाडु में राजनीतिक हलचल तेज रही। पहले 6 मई को वे कांग्रेस के 5 विधायकों के समर्थन के साथ राज्यपाल से मिले, लेकिन बहुमत से 5 विधायक कम होने के कारण प्रस्ताव लौटाया गया।

इसके बाद 7 मई को लेफ्ट पार्टियों के 4 विधायकों के समर्थन के साथ उन्होंने फिर से मुलाकात की, लेकिन राज्यपाल ने स्पष्ट रूप से 118 विधायकों के समर्थन की मांग की। 8 मई को TVK ने VCK के समर्थन का दावा किया, लेकिन आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई। अंततः 9 मई को IUML और VCK के समर्थन से स्थिति साफ हुई और विजय के लिए सरकार बनाने का रास्ता खुल गया।

शपथ ग्रहण में सितारों और नेताओं की मौजूदगी

चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में एक्ट्रेस तृषा कृष्णन भी पहुंच चुकी हैं। वहीं टीवीके प्रमुख विजय भी स्टेडियम में पहुंच गए हैं। उन्होंने इस मौके पर सफेद शर्ट और काले पैंट में साधारण लेकिन प्रभावशाली अंदाज में एंट्री की।इसके अलावा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी समारोह में शामिल होने के लिए चेन्नई पहुंच चुके हैं और जल्द ही कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे।

Vijay Oath Ceremony: 9 मंत्रियों की संभावित सूची

विजय ने अपने साथ 9 नेताओं को मंत्री बनाए जाने की सिफारिश की है। इनमें एन. आनंद, आधव अर्जुन, डॉ. के.जी. अरुणराज, के.ए. सेंगोत्तैयान, पी. वेंकटरामनन, आर. निर्मलकुमार, राजमोहन, डॉ. टी.के. प्रभु और सेल्वी एस. कीर्तना शामिल हैं। माना जा रहा है कि इन्हें अलग-अलग विभागों की जिम्मेदारी दी जाएगी।

शपथ ग्रहण समारोह को देखते हुए जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। पूरे परिसर में पुलिस बल तैनात है और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

संभावित मंत्रियों और विभागों का बंटवारा

सूत्रों के अनुसार संभावित मंत्रियों को अलग-अलग विभाग दिए जा सकते हैं। इनमें विजय को गृह, लोक प्रशासन और पुलिस विभाग की जिम्मेदारी मिल सकती है। अन्य मंत्रियों को लोक निर्माण, बिजली, नगर प्रशासन, शिक्षा, वाणिज्य कर, खेल, कल्याण और अल्पसंख्यक विभाग जैसे अहम विभाग दिए जाने की संभावना है।

विपक्ष की प्रतिक्रिया

डीएमके प्रवक्ता टी.के.एस. एलंगोवन ने कहा कि पहले शपथ ग्रहण शाम को होना बताया गया था, लेकिन अब सुबह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि टीवीके ने एक हफ्ते में बहुमत हासिल किया है, लेकिन अब देखना होगा कि वे सरकार कैसे चलाते हैं और अपने वादों को कितना पूरा करते हैं।

ये भी पढ़ें… सत्ता के दरवाजे तक पहुंचे विजय, 120 विधायकों का समर्थन जुटाकर मारी बाजी, आज संभालेंगे तमिलनाडु की कमान

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments