Eye Health Tips: आज की तेज रफ्तार जिंदगी, असंतुलित खान-पान, लापरवाही और लगातार बढ़ता स्क्रीन टाइम आंखों की सेहत के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। मोबाइल, कंप्यूटर और टीवी पर लंबे समय तक समय बिताने से आंखों में थकान, धुंधलापन, सूखापन और नजर कमजोर होने जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में सही पोषण लेकर आंखों को स्वस्थ रखना बेहद जरूरी हो गया है।
विटामिन A की अहम भूमिका
नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) ने सलाह दी है कि विटामिन A से भरपूर भोजन अपनाकर आंखों की देखभाल की जा सकती है। NHM के अनुसार, विटामिन A आंखों की रोशनी को लंबे समय तक बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह रेटिना को सही तरीके से काम करने में मदद करता है, रात में देखने की क्षमता को बेहतर बनाता है और आंखों को संक्रमण से बचाता है।विशेषज्ञों का मानना है कि “अच्छा पोषण ही अच्छी दृष्टि की कुंजी है।” इसलिए सही आहार को रोज़ाना के भोजन में शामिल करना आंखों की सुरक्षा के लिए जरूरी है।

गाजर: आंखों के लिए सबसे फायदेमंद
गाजर को विटामिन A का सबसे लोकप्रिय और प्रभावी स्रोत माना जाता है। रोजाना गाजर का जूस पीना या इसे सलाद में शामिल करना आंखों की रोशनी को बेहतर बनाने में मदद करता है और आंखों की मांसपेशियों को भी मजबूत करता है।
हरी सब्जियों का महत्व
पालक, मेथी, सरसों और ब्रोकली जैसी हरी पत्तेदार सब्जियां विटामिन A से भरपूर होती हैं। ये न सिर्फ आंखों को स्वस्थ रखती हैं, बल्कि शरीर को अन्य जरूरी पोषक तत्व भी प्रदान करती हैं।
आम: स्वाद के साथ सेहत
गर्मियों में मिलने वाला आम न सिर्फ स्वादिष्ट होता है, बल्कि विटामिन A का अच्छा स्रोत भी है। मौसम में आम का नियमित सेवन आंखों की सेहत को बेहतर बनाए रखने में मदद करता है।

दूध और डेयरी उत्पाद
दूध और इससे बने उत्पाद जैसे दही, छाछ और पनीर भी विटामिन A के अच्छे स्रोत माने जाते हैं। इन्हें डाइट में शामिल करने से आंखों को जरूरी पोषण मिलता है।
Eye Health Tips: स्क्रीन टाइम और सावधानियां
विशेषज्ञों का सुझाव है कि स्क्रीन टाइम को सीमित करना चाहिए। इसके साथ ही 20-20-20 नियम अपनाना चाहिए, यानी हर 20 मिनट बाद 20 सेकंड के लिए 20 फीट दूर किसी वस्तु को देखना चाहिए।
साथ ही बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को विटामिन A युक्त भोजन को अपनी डाइट का हिस्सा बनाना चाहिए। आंखों की छोटी-छोटी अनदेखी आगे चलकर बड़ी समस्या बन सकती है, इसलिए समय रहते सावधानी जरूरी है।
ये भी पढ़े…दिल्ली के आईटीओ स्थित कार्यालय में आग: दूसरी मंजिल से उठा धुआं, 8 दमकल गाड़ियां पहुंचीं








