Home » एक्सक्लूसिव » देशभर में बदलेगा मौसम का मिजाज: 17 राज्यों में बारिश का अलर्ट, यूपी में अभी भी जारी रहेगी लू

देशभर में बदलेगा मौसम का मिजाज: 17 राज्यों में बारिश का अलर्ट, यूपी में अभी भी जारी रहेगी लू

Monsoon Update:

Monsoon Update: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून देश के कई हिस्सों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी बीच मौसम विभाग ने 22 जून को 17 राज्यों में तेज आंधी, गरज-चमक और भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। कई क्षेत्रों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

पूर्वोत्तर और पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश का खतरा

मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में मूसलाधार बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में बिजली गिरने, जलभराव और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Monsoon Update: दिल्ली-एनसीआर में आंधी और बारिश के आसार

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में रविवार को धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आने की संभावना है और अधिकतम तापमान 35 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

Monsoon Update: बिहार में सक्रिय हुआ मानसून

बिहार में मानसून पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। अररिया, कटिहार, सुपौल और किशनगंज समेत कई जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। इन इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

उत्तराखंड-हिमाचल में जारी रहेगा बारिश का दौर

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के अधिकांश जिलों में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। देहरादून, नैनीताल और शिमला सहित कई क्षेत्रों में मौसम सुहाना रहने की संभावना है। वहीं जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है।

यूपी में अभी जारी रहेगी भीषण गर्मी

देश के कई हिस्सों में बारिश से राहत मिलने के बावजूद उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लू का असर अभी बरकरार रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार कानपुर, औरैया, इटावा, फर्रुखाबाद और कन्नौज में 24 जून तक भीषण गर्मी और लू चलने की संभावना है।

25 जून के बाद मिल सकती है राहत

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में मानसून का प्रभाव 25 से 26 जून के बाद अधिक दिखाई देगा। इसके बाद कई जिलों में झमाझम बारिश और तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।

यह भी पढे़ : राम मंदिर दान और जमीन खरीद मामले की जांच तेज, SIT ने ट्रस्ट पदाधिकारियों को अयोध्या न छोड़ने के दिए निर्देश