Kulgam Terror Attack: दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के केलाम इलाके में शुक्रवार रात आतंकियों ने ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे दो प्रवासी हिंदू मजदूरों की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, घटना की जानकारी मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने दी। दोनों मृतक छत्तीसगढ़ के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
Kulgam Terror Attack: लश्कर से जुड़े आतंकी लतीफ पर शक-
खुफिया सूत्रों का कहना है कि इस हमले को लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) के आतंकियों ने अंजाम दिया। सूत्रों के मुताबिक, हमले में आतंकी मोहम्मद लतीफ का नाम सामने आया है। इसी लतीफ पर 22 जुलाई को अनंतनाग के लाल चौक में हेड कॉन्स्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी की हत्या का भी संदेह है।
Kulgam Terror Attack: पहचान पूछकर मारी गोली-
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोहम्मद लतीफ अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल पर ईंट-भट्ठे पहुंचा। दोनों ने मजदूरों के पहचान पत्र देखे और कथित तौर पर नाम पूछने के बाद बेहद करीब से गोलीबारी की। स्थानीय लोगों ने 10 से 12 राउंड फायरिंग की आवाज सुनने की बात कही है।
पहलगाम हमले जैसा पैटर्न-
प्रारंभिक जांच में एजेंसियां इस हमले को अप्रैल 2025 के पहलगाम आतंकी हमले जैसे पैटर्न से जोड़कर देख रही हैं। उस हमले में भी आतंकियों ने कथित तौर पर पहचान और धर्म पूछकर पर्यटकों को निशाना बनाया था।
सीमा पार से साजिश की आशंका-
खुफिया एजेंसियों का मानना है कि हमले की साजिश सीमा पार बैठे आतंकी हैंडलर्स ने रची हो सकती है। जांच एजेंसियां इस एंगल पर भी काम कर रही हैं। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस-
पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। ईंट-भट्ठे पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
यह भी पढ़े- CSIR UGC NET की आंसर-की जल्द होगी जारी, इन स्टेप्स से कर सकेंगे डाउनलोड








