Kanwar Yatra 2026: श्रावण मास की दशमी तिथि पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ में कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री के साथ मेरठ के सांसद और अभिनेता अरुण गोविल समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी शिवभक्तों पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाईं। इस दौरान पूरे कांवड़ मार्ग पर हेलिकॉप्टर से भी पुष्पवर्षा की गई।
कांवड़ यात्रियों के ‘हर-हर, बम-बम’ के जयघोष से पश्चिमी उत्तर प्रदेश का माहौल भक्तिमय नजर आया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा को भक्ति, समर्पण, सामाजिक और राष्ट्रीय एकता तथा समरसता का उदाहरण बताया। उन्होंने प्रदेश सरकार की ओर से सभी शिवभक्त कांवड़ यात्रियों का स्वागत और अभिनंदन किया।
हेलिकॉप्टर से कांवड़ मार्ग का जायजा
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हेलिकॉप्टर से कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सम्मान और सुविधाओं को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रावण मास में पवित्र कांवड़ यात्रा अपने चरम की ओर बढ़ रही है। शिवभक्त हरिद्वार की हर की पैड़ी से गंगाजल लेकर विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक के लिए आगे बढ़ रहे हैं।
Kanwar Yatra 2026: मेरठ समेत कई जिलों में उमड़ी भीड़
योगी आदित्यनाथ ने बताया कि मुजफ्फरनगर के शिवचौक में भी कांवड़ यात्रियों की बड़ी संख्या मौजूद है। मेरठ के बाबा औघड़नाथ मंदिर, गाजियाबाद के बाबा दूधेश्वरनाथ मंदिर और बागपत के पुरा महादेव मंदिर समेत कई प्रमुख शिवालयों की ओर बड़ी संख्या में श्रद्धालु बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और हिमाचल प्रदेश से भी बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़ यात्रा में शामिल हुए हैं।
‘सुरक्षा और सम्मान के लिए पूरी तरह तैयार’
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कांवड़ यात्रियों के स्वागत और सुरक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है। उनके मुताबिक, सैकड़ों किलोमीटर पैदल चलकर शिवभक्त भक्ति और समर्पण की मिसाल पेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा जाति, क्षेत्र और प्रांत की सीमाओं से ऊपर उठकर सामाजिक और राष्ट्रीय एकता का संदेश देती है। योगी ने बताया कि कांवड़ मार्ग पर जिला प्रशासन, पुलिस और अन्य अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। सुरक्षा के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए सामाजिक और धार्मिक संगठन भी जगह-जगह शिविर लगाकर सहयोग कर रहे हैं।
Kanwar Yatra 2026: शिवरात्रि तक होगी पुष्पवर्षा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांवड़ यात्रियों पर आज, कल और शिवरात्रि तक हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी। उन्होंने भगवान शिव से प्रार्थना की कि कांवड़ यात्रा में शामिल सभी श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूरी हों और देश-प्रदेश में सुख, शांति और सौहार्द बना रहे। इस दौरान कांवड़ यात्रा की झांकियों में भगवान शिव, गणेश, कार्तिकेय और शिवगणों के विभिन्न स्वरूप देखने को मिले। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ यात्रा का स्वागत किया और इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मोबाइल फोन से तस्वीरें और वीडियो बनाते नजर आए।








