Atal Canteens Delhi: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार, 16 अगस्त 2026 को राजधानी में 25 नई ‘अटल कैंटीन’ का उद्घाटन किया। इसके साथ ही दिल्ली में अटल कैंटीन की कुल संख्या बढ़कर 100 हो गई है। यह विस्तार पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि के मौके पर किया गया। कार्यक्रम में पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, बीजेपी सांसद मनोज तिवारी और दिल्ली सरकार में मंत्री आशीष सूद भी मौजूद रहे।
Atal Canteens Delhi: वाजपेयी के सेवा भाव को आगे बढ़ाने की पहल-
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि अटल कैंटीन योजना का विस्तार वाजपेयी की जन्म शताब्दी वर्ष के दौरान लिए गए संकल्प को पूरा करने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य वाजपेयी के दिखाए रास्ते पर चलते हुए समाज के हर वर्ग की जरूरतों का ध्यान रखना है। मुख्यमंत्री ने वाजपेयी के समावेशी विकास और जनसेवा के विचारों को भी याद किया।
Atal Canteens Delhi: जरूरतमंदों को मिलेगा सस्ता और पौष्टिक भोजन-
अटल कैंटीन योजना का मुख्य उद्देश्य कामगारों, मजदूरों और जरूरतमंद लोगों को कम कीमत में पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है। सरकार के मुताबिक, हर कैंटीन में प्रतिदिन करीब 1,000 लोगों को भोजन देने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि सभी 100 कैंटीन साल के 365 दिन संचालित करने का संकल्प लिया गया है।
3.65 करोड़ लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य-
सरकार का अनुमान है कि इस योजना के जरिए सालाना करीब 3.65 करोड़ लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जा सकता है। बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने भी योजना की तारीफ करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि दिल्ली में कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए।
5 रुपये में मिलता है भोजन-
अटल कैंटीन योजना की शुरुआत 25 दिसंबर 2025 को की गई थी। इन कैंटीनों में लोगों को महज *5 रुपये प्रति प्लेट* की कीमत पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाता है। नई 25 कैंटीनों के शुरू होने के बाद राजधानी में इस योजना के तहत कुल 100 कैंटीन हो गई हैं।
यह भी पढ़े- ‘सोनिया-राहुल देश से माफी मांगें’, वंदे मातरम विवाद पर अमित शाह का बड़ा हमला








