Home » राजस्थान » राजस्थान निकाय चुनाव: एक वोट से कांग्रेस की जीत, बीकानेर में कांटे की टक्कर

राजस्थान निकाय चुनाव: एक वोट से कांग्रेस की जीत, बीकानेर में कांटे की टक्कर

 Rajasthan Civic Polls:

Rajasthan Civic Polls: राजस्थान में नगर निकाय चुनाव की मतगणना के बीच बीकानेर जिले से कई दिलचस्प नतीजे सामने आ रहे हैं। बीकानेर नगर निगम के साथ अलग-अलग नगर पालिकाओं में वोटों की गिनती जारी है। ईवीएम के राउंड आगे बढ़ने के साथ तस्वीर भी धीरे-धीरे साफ हो रही है। कई वार्डों में कांग्रेस और बीजेपी प्रत्याशियों के बीच मुकाबला काफी करीबी नजर आ रहा है। वहीं, लुनकरणसर नगर पालिका के एक वार्ड में जीत का अंतर इतना कम रहा कि सिर्फ एक वोट ने उम्मीदवार की जीत और हार तय कर दी।

Rajasthan Civic Polls: लुनकरणसर में एक वोट से तय हुआ नतीजा-

नगर पालिका चुनाव की मतगणना के दौरान लुनकरणसर से कुछ वार्डों के परिणाम सामने आ चुके हैं। इनमें एक वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी ने महज एक वोट के अंतर से जीत दर्ज की। इतने कम अंतर से आया यह नतीजा स्थानीय चुनाव में चर्चा का विषय बन गया है। एक वोट की अहमियत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यही एक वोट पूरे मुकाबले का परिणाम बदलने के लिए काफी साबित हुआ।

Rajasthan Civic Polls: बीकानेर नगर निगम में कई वार्डों में बीजेपी आगे-

बीकानेर नगर निगम के कई वार्डों में बीजेपी प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए हैं। मतगणना के दौरान सामने आए रुझानों के मुताबिक वार्ड नंबर 2 से बीजेपी के दीपक व्यास आगे चल रहे हैं। इसी तरह वार्ड नंबर 8 में बीजेपी के भगवान सिंह मेडतिया ने बढ़त बना रखी है। इसके अलावा वार्ड नंबर 58 में दुर्गादास, वार्ड नंबर 66 में नसीम बानो, वार्ड नंबर 67 में महेंद्र भाटी, वार्ड नंबर 68 में शंकर लाल यादव, वार्ड नंबर 70 में विक्रम सिंह और वार्ड नंबर 72 में निशा पारिक बढ़त पर हैं। हालांकि, इन सीटों पर अभी अंतिम नतीजे घोषित नहीं हुए हैं। ईवीएम की गिनती पूरी होने और सभी राउंड के परिणाम सामने आने के बाद ही यह तय होगा कि जीत किस उम्मीदवार के खाते में गई।

वार्ड नंबर 73 में कांग्रेस प्रत्याशी आगे-

बीकानेर नगर निगम के वार्ड नंबर 73 में कांग्रेस के अनिल कल्ला बढ़त बनाए हुए हैं। यहां भी मतगणना पूरी होने के बाद ही अंतिम तस्वीर स्पष्ट होगी। चुनाव परिणामों के दौरान कांग्रेस और बीजेपी के बीच कई वार्डों में सीधी टक्कर देखने को मिल रही है। ऐसे में शुरुआती रुझानों में बदलाव की संभावना बनी हुई है।

श्रीडूंगरगढ़ में भी कांग्रेस को बढ़त-

श्रीडूंगरगढ़ नगर पालिका की मतगणना में शुरुआती रुझानों में कांग्रेस बढ़त बनाती दिखाई दे रही है। जैसे-जैसे वोटों की गिनती आगे बढ़ेगी, यहां भी स्थिति स्पष्ट होती जाएगी। बीकानेर जिले के इन निकाय चुनावों में फिलहाल सबसे ज्यादा चर्चा उस वार्ड की है, जहां महज एक वोट से जीत का फैसला हुआ। वहीं, बाकी वार्डों में जारी कांटे की टक्कर के चलते अंतिम परिणामों का इंतजार किया जा रहा है

यह भी पढ़े- यूनाइटेड किंगडम में शामिल हैं कितने देश? टूटेगा UK तो कितनी रह जाएगी इंग्लैंड की ताकत