Monsoon Update: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि अगले चार दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तरी अरब सागर, गुजरात, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के बाकी हिस्सों में आगे बढ़ेगा। इसके साथ ही इन क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
Monsoon Update: कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट-
आईएमडी के मुताबिक 4 से 7 जुलाई के बीच कोंकण और गुजरात क्षेत्र में, 4 से 6 जुलाई के बीच मध्य महाराष्ट्र में, 4-5 जुलाई को सौराष्ट्र, ओडिशा और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
Monsoon Update: देश के मध्य हिस्सों में सक्रिय रहेगा मानसून-
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से अगले चार से पांच दिनों तक देश के मध्य हिस्सों में मानसून सक्रिय रहेगा और कई स्थानों पर अच्छी बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी-
आईएमडी ने दिल्ली में रविवार को गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश का अनुमान जताया है। दक्षिण-पूर्व, पूर्वी, शाहदरा, मध्य, उत्तर-पूर्व, दक्षिण, नई दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम, पश्चिमी, उत्तर-पश्चिम और उत्तरी दिल्ली के कई इलाकों में 5 से 20 मिमी प्रति घंटे की बारिश हो सकती है। इसके साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली कड़कने की भी संभावना है, जबकि हवा की गति 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
उत्तर-पश्चिम भारत में भी बारिश के आसार-
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। 6 से 8 जुलाई के बीच इन राज्यों में बारिश का दायरा और बढ़ने की संभावना है। पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान में भी अलग-अलग दिनों में बारिश का अनुमान जताया गया है।
पहाड़ी राज्यों में 10 जुलाई तक बारिश-
आईएमडी के अनुसार हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 5 जुलाई से 10 जुलाई तक व्यापक बारिश होने की संभावना है। वहीं 6 से 9 जुलाई के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद क्षेत्र में भी कई स्थानों पर अच्छी बारिश होने का अनुमान है।
यह भी पढ़े- बार-बार छींक और बंद नाक से हैं परेशान? सिर्फ धूल-मिट्टी नहीं, ये 6 वजहें भी बढ़ाती हैं एलर्जी








