Home » राजनीति » नितिन नवीन ने की 3 घंटे की बैठक, संगठन मजबूत करने पर मंथन

नितिन नवीन ने की 3 घंटे की बैठक, संगठन मजबूत करने पर मंथन

Nitin Navin Meeting:

Nitin Navin Meeting: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को पार्टी के सभी प्रदेश अध्यक्षों और प्रभारियों के साथ करीब तीन घंटे तक बैठक की। बैठक में पार्टी संगठन को मजबूत करने, संगठनात्मक नेटवर्क के विस्तार और आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई।

Nitin Navin Meeting: नई टीम के साथ संगठन को मजबूत करने पर जोर-

नई टीम के गठन के बाद नितिन नवीन लगातार संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठकें कर रहे हैं। एक दिन पहले उन्होंने अपनी नई टीम के 65 पदाधिकारियों के साथ मुलाकात की थी। इसके बाद रविवार को देशभर के संगठन पदाधिकारियों की बैठक बुलाई गई। बैठक में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं को आम लोगों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।

Nitin Navin Meeting: बैठक में कई बड़े नेता रहे मौजूद-

बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, विनोद तावड़े, सुनील बंसल, संजय भाटिया, स्मृति ईरानी, हरीश द्विवेदी, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, तरुण चुघ, बैजयंत पांडा, राजीव चंद्रशेखर, रेखा वर्मा, हर्ष मल्होत्रा, श्रीकांत शर्मा, संदीप पाठक, लाल सिंह आर्य और मनोज टिग्गा समेत कई नेता मौजूद रहे। इसके अलावा सभी राज्यों के बीजेपी अध्यक्ष और प्रभारी भी बैठक में शामिल हुए।

‘सेवा संकल्प अभियान’ पर हुई चर्चा-

बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर देशभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई। बीजेपी इस अवसर पर ‘प्रधानमंत्री मोदी-सेवा समर्पण के 25 वर्ष’ के तहत कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के राष्ट्र और जनसेवा के सफर को समर्पित ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर राज्य स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान-

बीजेपी ने इस साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर आयोजित होने वाले ‘सेवा पखवाड़ा’ को व्यापक रूप देने का फैसला किया है। इसके तहत ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक देशभर में चलाया जाएगा। 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इस साल 7 अक्टूबर को उनके सार्वजनिक जीवन की इस यात्रा के 25 वर्ष पूरे होंगे।

विधानसभा चुनावों से पहले संगठन पर फोकस-

अगले साल की शुरुआत में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब जैसे राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में बीजेपी संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने पर जोर दे रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नई टीम के साथ बैठक के बाद संगठन को मजबूत करने और लोगों के साथ जुड़ाव को और गहरा करने की जरूरत पर जोर दिया था। बीजेपी की ताजा बैठक को आगामी चुनावों से पहले इसी रणनीति को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है

यह भी पढ़े- भारत की वंदना करने में क्या आपत्ति? शिवराज सिंह का कांग्रेस पर तीखा हमला