Home » Breaking News » PM मोदी से फोन पर बात के बाद नेतन्याहू ने कहा ‘थैंक्यू दोस्त’, भारत-इजरायल रिश्ते मजबूत रखने का दिया संदेश

PM मोदी से फोन पर बात के बाद नेतन्याहू ने कहा ‘थैंक्यू दोस्त’, भारत-इजरायल रिश्ते मजबूत रखने का दिया संदेश

West Asia: पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच फोन पर बातचीत हुई। दोनों नेताओं ने भारत-इजरायल की विशेष रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा की और द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई। बातचीत के बाद नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देते हुए दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत करने की बात कही।

मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर दी जानकारी 

प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फोन बातचीत की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि नेतन्याहू के साथ भारत और इजरायल के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी के विभिन्न पहलुओं में हुई प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के संबंध लगातार मजबूत और विकसित हो रहे हैं। मोदी के पोस्ट को री-पोस्ट करते हुए नेतन्याहू ने लिखा, “मेरे दोस्त भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, आपका धन्यवाद।” उन्होंने कहा कि दोनों देश मिलकर भारत-इजरायल संबंधों को और मजबूत करते रहेंगे।

West Asia: पश्चिम एशिया के हालात पर भी हुई चर्चा

प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, दोनों नेताओं के बीच पश्चिम एशिया में हाल में हुए घटनाक्रमों पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा दोनों देशों के पारस्परिक हित वाले विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति बनी। दोनों नेता क्षेत्रीय घटनाक्रमों को लेकर एक-दूसरे के संपर्क में बने रहने पर भी सहमत हुए।

ईरान-ओमान समझौते पर भी नजर

इसी बीच ईरान ने ओमान के साथ होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर एक समझौते का मसौदा तैयार करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंचने की जानकारी दी है। होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है। पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव के बीच इस क्षेत्र से जुड़े घटनाक्रमों पर भारत समेत दुनिया की नजर बनी हुई है।

भारत और इजरायल के बीच बढ़ता रणनीतिक सहयोग ऐसे समय में सामने आया है जब पश्चिम एशिया की स्थिति लगातार संवेदनशील बनी हुई है। મોદી और नेतन्याहू की बातचीत को इसी व्यापक क्षेत्रीय घटनाक्रम के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

ये भी पढ़े… PM मोदी का आईआईटी दिल्ली के छात्रों को करेंगे संबोधन, 57वें दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल