Home » लाइफस्टाइल » योग दिवस कार्यक्रम के लिए कलकत्ता हाई कोर्ट ने दी मंजूरी

योग दिवस कार्यक्रम के लिए कलकत्ता हाई कोर्ट ने दी मंजूरी

Yoga Day 2026:

Yoga Day 2026: कोलकाता के रेड रोड पर 21 जून को होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम को कलकत्ता हाईकोर्ट ने मंजूरी दे दी है। हालांकि अदालत ने राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि सड़क बंद रहने के दौरान आम जनता, वकीलों और कर्मचारियों के लिए पर्याप्त वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराए जाएं।

Yoga Day 2026: पीएम मोदी करेंगे मुख्य कार्यक्रम का नेतृत्व-

योग दिवस के राष्ट्रीय स्तर के मुख्य आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे और योग सत्र का नेतृत्व करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों के लिए रेड रोड को 14 जून से बंद किया गया है।

Yoga Day 2026: AILU की याचिका पर हाईकोर्ट की टिप्पणी-

ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन (AILU) ने सड़क बंद करने के फैसले को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। याचिकाकर्ताओं का कहना था कि इससे आम लोगों और वकीलों को भारी परेशानी हो रही है।

Yoga Day 2026: कोर्ट- ब्रिगेड परेड ग्राउंड क्यों नहीं चुना गया-

सुनवाई के दौरान जस्टिस सौगत भट्टाचार्य ने राज्य सरकार से सवाल किया कि कार्यक्रम को रेड रोड के बजाय ब्रिगेड परेड ग्राउंड में क्यों नहीं आयोजित किया गया। कोर्ट ने सरकार और याचिकाकर्ताओं को तीन सप्ताह के भीतर हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया है।

Yoga Day 2026: कार्यक्रम खत्म होते ही सड़क खोलने का आदेश-

अदालत ने पुलिस प्रशासन को निर्देश दिया है कि 21 जून को कार्यक्रम समाप्त होते ही रेड रोड को तुरंत साफ कर आम जनता के लिए खोल दिया जाए।

सरकार का दावा- लोगों को नहीं होगी परेशानी-

राज्य सरकार ने कोर्ट को बताया कि आयुष मंत्रालय के सहयोग से कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है और आसपास कई वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हैं, जिनका उपयोग लोग कर सकते हैं।

कर्मचारियों की भागीदारी को लेकर विवाद-

पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा कर्मचारियों और अधिकारियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील किए जाने पर कर्मचारी संगठनों ने आपत्ति जताई है। हालांकि सरकार ने स्पष्ट किया है कि भागीदारी अनिवार्य नहीं है।

महुआ मोइत्रा ने उठाए सवाल-

टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने रेड रोड को एक सप्ताह तक बंद रखने के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि ईद की नमाज के लिए सड़कें इतनी लंबी अवधि तक बंद नहीं की गई थीं।

35 हजार लोगों के साथ गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी-

रेड रोड पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में करीब 35 हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। इसके साथ ही हुगली नदी में 500 से अधिक नावों पर एक साथ योग कर नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी चल रही है।

नावों से बनाई जाएंगी योग मुद्राएं-

कार्यक्रम को विशेष बनाने के लिए हुगली नदी में नावों के जरिए विभिन्न योग मुद्राओं की आकृतियां बनाई जाएंगी, जो स्थानीय संस्कृति और योग की वैश्विक पहचान को प्रदर्शित करेंगी।

‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ है इस वर्ष की थीम-

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की आधिकारिक थीम ‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ रखी गई है, जिसका उद्देश्य स्वस्थ और लंबी आयु के लिए योग के महत्व को बढ़ावा देना है।

कैसे हुई अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुरुआत-

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 27 सितंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का प्रस्ताव रखा था। 177 देशों के समर्थन के बाद संयुक्त राष्ट्र ने 11 दिसंबर 2014 को 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित कर दिया।

2015 में बना था पहला विश्व रिकॉर्ड-

पहला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2015 को मनाया गया था। नई दिल्ली के राजपथ पर आयोजित कार्यक्रम में 35,985 लोगों ने एक साथ योग कर दो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए थे।

Written by- ADARSH KATHANE

यह भी पढ़े- राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर CM योगी का बड़ा बयान: “15 दिन रुकिए, SIT करेगी दूध का दूध, पानी का पानी”